DEKHO NCR
पानी में कटौती कर असंवैधानिक कार्य किया
बीबीएमबी के जल आवंटन को नहीं माना जा रहा
भाखड़ा बांध पर पंजाब पुलिस की तैनाती गलत
चंडीगढ़, 03 मई (रूपेश कुमार )। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने शनिवार को यहां बी बी एम बी से हरियाणा के हिस्से के पानी की कटौती के मुद्दे पर सर्वदलीय बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने असंवैधानिक तरीके से हरियाणा का पानी रोका है.। उन्होंने आरोप लगाया कि संविधान की शपथ लेने वाले मुख्यमंत्री ऐसे कार्य कर रहे है जो कि असंवैधानिक हैं।. सैनी ने कहा कि यह पानी पूरे देश का है लेकिन दिल्ली में आम आदमी पार्टी  की हार का बदला लेने के लिए विवाद खड़ा किया गया है। उन्होंने कहा कि भगवंत मान का ससुराल हरियाणा के कुरुक्षेत्र में हैं। सीएम ने कहा कि पहले मान ने कहा था कि हरियाणा वाले अपनी बेटी के घर का पानी नहीं पीते। ये पूरी नहर मांग रहे हैं।नायब सैनी ने भाखड़ा बांध पर पंजाब पुलिस की तैनाती को गलत करार दिया और कहा भगवंत मान जल आवंटन के बी बी एम बी के फैसले को नहीं मान रहे।

नायब सैनी ने कहा  कि 2016 से 2018 तक भाखड़ा बांध का जल स्तर सबसे कम रहा। वर्तमान में, जलस्तर उन वर्षों की तुलना में कहीं ज्यादा है, जिससे हरियाणा को राहत मिली है। वर्ष 2019 में जल स्तर 1623 मीटर था और उस समय 0.553 एम ए एफ पानी अतिरिक्त हो गया था। यह पानी  बहकर पाकिस्तान चला गया। सैनी ने कहा वर्ष 2015 और 2016 में भी ऐसा ही हुआ था। हरियाणा को लगभग 8500 क्यूसेक पानी मिलता रहा है।लेकिन राज्यों की मांग हर 15 दिन में बदलती रहती है। यह मांग     बीबीएमबी की टेक्निकल कमेटी द्वारा तय की जाती है।सीएम सैनी ने बताया कि 26 अप्रैल को उन्होंने भगवंत मान को फोन पर बताया कि बी बी एम बी की कमेटी ने पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान को पानी छोड़ने का निर्णय लिया था।. हालांकि, पंजाब के अधिकारी इस निर्णय को लागू करने में आनाकानी कर रहे हैं। मान ने कार्रवाई का आश्वासन दिया। लेकिन जब अधिकारियों ने कुछ नहीं किया, तो  मान को दोबारा पत्र लिखा। 48 घंटे तक मेरे पत्र का जवाब नहीं दिया।. मान साहब ने राजनीति को ऊपर रखते हुए एक वीडियो जारी किया और बिना तथ्यों के जनता को गुमराह किया।.
नायब सैनी ने आरोप लगाया कि पंजाब हर साल अपने हिस्से से अधिक पानी का उपयोग कर रहा है। एस वाई एल का निर्माण न होने के कारण हरियाणा केवल 1.62 एम ए एफ पानी का ही उपयोग कर रहा है, जबकि उसका आवंटित हिस्सा 3.5एम ए एफ है। सैनी ने कहा कि मान सरकार केवल भ्रमित कर रही है और सस्ती राजनीतिक लोकप्रियता हासिल करने के लिए ऐसा कर रही है।
हरियाणा के कई जिलों में पीने के पानी की समस्या उत्पन्न हो रही है। सैनी ने कहा कि पंजाब सरकार को यह समझना चाहिए कि हरियाणा को पानी देना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि अगर मान हरियाणा आए तो उन्हें पानी और चाय पिलाई जाएगी। यह पानी केवल पंजाब का नहीं, बल्कि पूरे देश का है, जो हिमाचल से होकर पंजाब आता है।   नायब सैनी ने कहा कि मान सरकार ने भाखड़ा बांध पर पुलिस तैनात की है, जो कि एक गलत कदम है।. उन्होंने बी बी एम बी के फैसले को दरकिनार कर दिया है।. सैनी ने कहा कि यह ठीक नहीं है कि पंजाब पुलिस भाखड़ा बांध पर तैनात हो।
सैनी ने मान पर झूठ बोलने का आरोप लगाया है।. मान ने कहा है कि हरियाणा को 4000 क्यूसेक पानी के लिए धन्यवाद करना चाहिए, जबकि सैनी का कहना है कि यह हरियाणा के साथ अन्याय है। बी बी एम बी ने हरियाणा का कोटा तय किया है, लेकिन मान सरकार ने इसे मानने से इनकार कर दिया है।  
नायब सैनी ने यह भी कहा कि जब दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार थी तो पंजाब सीएम को कोई आपत्ति नहीं थी.। अब जब वहां सरकार नहीं है, तो जल संकट पर उन्होंने आंखें बंद कर ली हैं।. ऐसा लगता है कि उन्होंने दिल्ली की जनता से बदला लेने के लिए हरियाणा में पानी बंद कर दिया है।
 मान सरकार द्वारा भाखड़ा बांध पर पुलिस तैनाती को लेकर हरियाणा के एक एडवोकेट  ने पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट में याचिका लगाकर पुलिस फोर्स हटाने की मांग की है.। एडवोकेट ने भाखड़ा ब्यास मैनेजमेंट बोर्ड और केंद्र सरकार को पार्टी बनाया है। साथ ही हरियाणा सरकार सुप्रीम कोर्ट जाने का ऐलान कर चुकी है।. इसके लिए दिल्ली में अधिकारियों से ड्राफ्ट तैयार कराया जा रहा है। उम्मीद है कि जल्द ही  याचिका दायर की जाएगी.  हरियाणा के 9 जिलों में पानी का संकट होने लगा है। स्थिति में सुधार समय रहते नहीं हुआ तो दिल्ली और राजस्थान जाने वाले पानी में कटौती की जा सकती है।. हरियाणा से ही दोनों राज्यों को पेयजल और सिंचाई के लिए पानी की आपूर्ति होती है।