मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने की गौड़ ब्राह्मण विद्या प्रचारिणी सभा को मैचिंग ग्रांट देने की घोषणा
रोहतक,30 मई, रूपेश कुमार  हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने गांव पहरावर में गौड़ ब्राह्मण विद्या प्रचारिणी सभा को कैंपस-III के शिक्षण संस्थानों के निर्माण कार्यों हेतु प्रदेश सरकार की ओर से मैचिंग ग्रांट देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि जितना पैसा समाज इन संस्थानों के लिए एकत्रित करेगा, उससे ज्यादा की राशि हरियाणा सरकार द्वारा मैचिंग ग्रांट के रूप में प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त, प्रदेश में किसी एक बड़े पार्क का नाम भगवान परशुराम के नाम पर रखा जाएगा।


मुख्यमंत्री ने ये घोषणाएं शुक्रवार को जिला रोहतक के गांव पहरावर में भगवान परशुराम की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह के दौरान की। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने समाज की संस्था को 51 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि समाज द्वारा रखी गई अन्य मांगों को भी विभागों को भेजकर उनकी फिजिबिलिटी चैक करवाकर प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का काम किया जाएगा।


इससे पहले, मुख्यमंत्री ने 61 करोड़ 23 लाख रुपये लागत की कुल 9 परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इनमें 54 करोड़ 26 लाख रुपये लागत की 5 परियोजनाओं का शिलान्यास तथा 6 करोड़ 97 लाख रुपये लागत की 4 परियोजनाओं का उद्घाटन शामिल है।


श्री नायब सिंह सैनी ने भगवान परशुराम जयंती, सिख गुरु अर्जन देव जी के शहीदी दिवस और अरूट  महाराज की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए कहा कि सभी महापुरुषों ने धर्म की स्थापना, सामाजिक एकता, सद्भाव और संस्कृति के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित किया। इनकी जीवनयात्रा हम सभी को सदा धर्म पथ पर चलने और मानवता की सेवा के लिए प्रेरित करती रहेंगी।


भगवान परशुराम पराक्रमी योद्धा, वेदों के ज्ञाता और महान समाज सुधारक थे

भगवान परशुराम को पराक्रमी योद्धा, वेदों के ज्ञाता और एक महान समाज सुधारक बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वे ऐसे महान योद्धा थे, जिन्होंने ब्राह्मण होते हुए भी शस्त्र धारण कर अन्याय और अधर्म का नाश किया। भगवान परशुराम जी का जीवन हमें यही संदेश देता है कि ज्ञान और बल का संतुलन ही समाज को सही दिशा में आगे ले जाता है। उन्होंने कहा कि हरियाणा की भूमि वीरता, विद्या और परंपरा की जननी रही है। भगवान परशुराम जी ने कहा था कि धर्म की रक्षा के लिए यदि शस्‍त्र भी उठाना पड़े तो वह भी तपस्या का ही एक रूप है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज जब हम प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत – विकसित हरियाणा बनाने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहे हैं तो भगवान परशुराम जी के आदर्श और उनके संदेश हमें सही मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि आज जब हम विकसित भारत, डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया जैसे महत्त्वाकांक्षी अभियान आगे बढ़ा रहे हैं, तो हम सभी को भगवान परशुराम के संकल्प के समान दृढ़ प्रण लेकर भारत को पुनः विश्वगुरु बनाने में अपना योगदान देना चाहिए।

भगवान परशुराम की प्रेरणा से प्रधानमंत्री के नेतृत्व में जांबाज सैनिकों ने पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों को किया ध्वस्त

श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि भगवान परशुराम ने किसी निजी स्वार्थ के लिए नहीं, बल्कि समाज हित में, धर्म की रक्षा के लिए, अन्याय का नाश किया। इसी प्रेरणा के साथ प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारी सेनाओं ने पहलगाम की निंदनीय घटना के बाद ऑपरेशन सिंदूर के तहत टारगेट तरीके से किसी आम व्यक्ति को नुकसान न पहुंचाते हुए पाकिस्तान में जहां आतंकवाद पनपता था, उन ठिकानों को मिट्टी में मिलाने का काम किया है। प्रधानमंत्री का स्पष्ट संदेश है कि कोई हमें छेड़ेगा, तो हम उसको नहीं छोड़ेंगे।

कैथल में मेडिकल कॉलेज का नाम भगवान परशुराम के नाम पर रखा गया

प्रदेश सरकार द्वारा ब्राह्मण समाज के कल्याण एवं उत्थान के लिए किए जा रहे विभिन्न कार्यों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान परशुराम जी की शिक्षाओं और आदर्शों से नई पीढ़ियों को प्रेरित करने के लिए कैथल में मेडिकल कॉलेज का नाम भगवान परशुराम के नाम पर रखा है। इसके अलावा, सरकार ने भगवान परशुराम के जन्मोत्सव पर राजपत्रित अवकाश का प्रावधान किया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने पहरावर गांव में 2013 से चले आ रहे गौड़ ब्राह्मण कॉलेज की जमीन के विवाद को भी सुलझाया है। गौड़ ब्राह्मण आयुर्वेद कॉलेज में बीएमएस की 100 सीटों को भी मंजूरी दी और इसकी कक्षाएं भी शुरू हो गई। भगवान परशुराम के नाम पर सरकार ने डाक टिकट भी जारी किया है। इसके अलावा, करनाल में ब्राह्मण धर्मशाला के लिए जमीन आवंटित की है।

उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने भीतर निहित भगवान परशुराम जी के साहस और सेवा के गुणों को पहचानें और उन्हें जागृत करते हुए विकसित भारत और विकसित हरियाणा के निर्माण में अपना योगदान दें।